स्कूलों में प्रधानाचार्यों के पद खाली, उप निदेशक कार्यालयों में दर्जनों की तैनाती : डॉ. अनिल धीमान
स्कूलों में प्रधानाचार्यों के पद खाली, उप निदेशक कार्यालयों में दर्जनों की तैनाती : डॉ. अनिल धीमान
चेहतों को लाभ देने के लिए खाली स्कूलों में नहीं किए जा रहे प्रधानाचार्यों के आदेश।
भोरंज, 13 अगस्त। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं भोरंज के पूर्व विधायक डॉ. अनिल धीमान ने प्रदेश सरकार की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा में गुणात्मक सुधार के बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन स्कूलों में प्रधानाचार्यों, मुख्याध्यापकों, प्रवक्ताओं व अन्य वर्गों के शिक्षकों के हजारों पद खाली पड़े हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार पौने चार साल में भी इन पदों को भरने में पूरी तरह विफल रही है।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ. अनिल धीमान ने प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि एक दौर पूर्व शिक्षा मंत्री ईश्वर दास धीमान का था, जब प्रदेश की बागडोर पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल के हाथों में थी। उस समय लोगों की जरूरत व मांग के आधार पर स्कूल व कॉलेज खोले गए तथा हजारों अध्यापकों को सरकारी नौकरी दी गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने पौने चार साल में नौकरी देने के बजाय पूर्व सरकार द्वारा खोले गए शिक्षण संस्थानों को बंद करके रोजगार के द्वार भी बंद कर दिए हैं। डॉ. धीमान ने कहा कि उस समय शिक्षक संघों के पदाधिकारियों व कर्मचारियों का सरकार के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण रहता था, लेकिन आज शिक्षक संघ व अन्य कर्मचारी अपने हकों की लड़ाई लड़ने के लिए धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि सीबीएसई स्कूलों में भी अभी तक अध्यापकों की तैनाती नहीं हो पा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अपने चेहतों को लाभ देने के लिए सरकार को बार-बार नियमों में परिवर्तन करने पड़ रहे हैं। डॉ. धीमान ने कहा कि हमीरपुर जिला के करीब एक दर्जन प्रधानाचार्यों को उप निदेशक उच्चतर कार्यालय में तैनात किया गया है, जबकि प्रदेश के कई स्कूलों में प्रधानाचार्यों के पद खाली पड़े हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी ही स्थिति प्रदेश के अन्य जिलों में भी बनी हुई है। पूर्व विधायक ने कहा कि स्कूलों में प्रधानाचार्यों के पद खाली होने के बावजूद उन्हें उप निदेशक कार्यालयों में तैनात करना शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने सरकार से मांग की कि खाली पड़े स्कूलों में प्रधानाचार्यों की नियुक्ति की जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
डॉ. अनिल धीमान ने भोरंज विधानसभा क्षेत्र में हो रहे तबादलों पर भी सवाल उठाया। डॉ.धीमान ने भोरंज विधायक सुरेश कुमार पर हमला बोलते हुए कहा कि वह विकास के झूठे दावे करके लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं ,जिसका भाजपा मुंह तोड़ जवाब देगी
Comments
Post a Comment