ग्राम पंचायत लगमनवीं ने सामाजिक अनुशासन, नशा मुक्ति एवं जनहित को लेकर लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय : प्रधान केशव कौशल

ग्राम पंचायत लगमनवीं ने सामाजिक अनुशासन, नशा मुक्ति एवं जनहित को लेकर लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय : प्रधान केशव कौशल
Him View - Hamirpur Himachal Pradesh 
ग्राम पंचायत लगमनवीं की बैठक ग्राम प्रधान केशव कौशल की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें पंचायत सदस्यों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में गांव में कानून व्यवस्था, सामाजिक अनुशासन, नशा मुक्ति, स्वच्छता एवं जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। पंचायत ने स्पष्ट किया कि इन निर्णयों का उद्देश्य गांव में शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं अनुशासित वातावरण बनाए रखना तथा सामाजिक बुराइयों पर प्रभावी अंकुश लगाना है।

प्रधान केशव कौशल ने बताया कि पंचायत ने गांव को नशा मुक्त बनाने के लिए कड़े निर्णय लिए हैं। पंचायत के निर्णयानुसार चिट्टा (हेरोइन) अथवा अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करते पाए जाने वाले व्यक्ति पर ₹2,000 का जुर्माना लगाया जाएगा। इसके अलावा नशीले पदार्थों की तस्करी अथवा अवैध कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों पर ₹5,000 तक का जुर्माना लगाया जाएगा तथा ऐसे मामलों की सूचना तुरंत पुलिस प्रशासन को दी जाएगी।

बैठक में विवाह समारोहों में अनावश्यक दिखावे पर नियंत्रण को लेकर भी निर्णय लिया गया। पंचायत ने तय किया कि सामाजिक सादगी को बढ़ावा देने के लिए विवाह आयोजनों में पंचायत द्वारा निर्धारित नियमों का पालन किया जाएगा।

इसके अलावा पंचायत ने किन्नर समुदाय द्वारा बधाई राशि को लेकर भी प्रस्ताव पारित किया। निर्णय के अनुसार बच्चे के जन्म (पैदाइश) के अवसर पर बधाई देने आने वाले किन्नरों को अधिकतम ₹1100 तथा विवाह के अवसर पर बधाई देने आने वाले किन्नरों को अधिकतम ₹2100 की राशि दी जाएगी। 
बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से यह भी निर्णय लिया गया कि पंचायत क्षेत्र में रहने वाले सभी किरायेदारों का पंचायत में पंजीकरण एवं पुलिस सत्यापन अनिवार्य होगा। इसके साथ ही पंचायत क्षेत्र में कार्य करने वाले प्रवासी मजदूरों का भी पंचायत में पंजीकरण एवं पुलिस सत्यापन कराया जाएगा। नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध पंचायत आवश्यक कार्रवाई करेगी।

पंचायत ने यह भी निर्णय लिया कि गांव में आने वाले बहुरूपियों का पंचायत में पंजीकरण किया जाएगा, जिससे उनकी पहचान एवं गतिविधियों का रिकॉर्ड पंचायत के पास उपलब्ध रहे।

स्वच्छ एवं सुंदर गांव के निर्माण के उद्देश्य से पंचायत ने सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा-कचरा फेंकने, रास्तों पर अतिक्रमण करने, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने तथा गांव का वातावरण खराब करने वाले लोगों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई करने का निर्णय लिया है।

ग्राम प्रधान केशव कौशल ने कहा कि पंचायत द्वारा लिए गए सभी निर्णय किसी व्यक्ति विशेष के विरुद्ध नहीं, बल्कि गांव के व्यापक हित, सामाजिक सौहार्द, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से लिए गए हैं। उन्होंने सभी ग्रामवासियों से पंचायत के इन निर्णयों का पालन करने, नशा मुक्त समाज बनाने, सामाजिक सौहार्द बनाए रखने तथा गांव के विकास में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ग्रामीणों के सहयोग से ग्राम पंचायत लगमानवीं सामाजिक अनुशासन, नशा मुक्ति, स्वच्छता एवं जनभागीदारी के क्षेत्र में एक आदर्श पंचायत के रूप में अपनी पहचान बनाएगी।

Comments

Popular posts from this blog

भोरंज के भ्याड़ गांव में उत्सव का माहौल: राहुल रावल बने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट

भोरंज के सौरभ सौरभ ठाकुर ने HAS परीक्षा में चौथा रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम किया रोशन

भोरंज भाजपा में उभर रहा नया युवा चेहरा, पुराने दावेदारों की बढ़ सकती है चिंता