बिना टैग व पंजीकरण पशुओं के अवैध परिवहन और बेसहारा छोड़ने पर रोक की मांग
बिना टैग व पंजीकरण पशुओं के अवैध परिवहन और बेसहारा छोड़ने पर रोक की मांग
भोरंज विधानसभा क्षेत्र में बिना पहचान टैग, पंजीकरण एवं आवश्यक दस्तावेजों के पशुओं को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाकर बेचने तथा बाद में सड़कों और जंगलों में बेसहारा छोड़ने की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग उठाई गई है।
मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम सेवा योग ट्रस्ट भोरंज की ओर से इस संबंध में पुलिस थाना भोरंज के थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई। ट्रस्ट के चेयरमैन डॉ. रिंकू ने कहा कि पशुओं को बिना उचित पहचान, टैग और आवश्यक दस्तावेजों के इधर-उधर ले जाकर छोड़ने की घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं। इससे न केवल पशुओं की सुरक्षा प्रभावित होती है, बल्कि आम लोगों को परेशानी और सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। ज्ञापन में भी क्षेत्र में ऐसी घटनाओं के सामने आने और इनके कारण दुर्घटनाओं की आशंका का उल्लेख किया गया है।
डॉ. रिंकू ने कहा कि विशेष रूप से देर रात वाहनों के माध्यम से पशुओं को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाकर छोड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस को रात्रि गश्त और निगरानी बढ़ानी चाहिए। उन्होंने कहा कि संदिग्ध वाहनों की नाकाबंदी एवं चेकिंग कर पशुओं से संबंधित टैग, पंजीकरण और आवश्यक दस्तावेजों की जांच सुनिश्चित की जानी चाहिए।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों एवं वाहनों के विरुद्ध प्रचलित कानून के अनुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर पशुपालन विभाग एवं पशु चिकित्सकों की सहायता से पशुओं की पहचान, टैग और स्वास्थ्य की जांच भी करवाई जाए।
डॉ. रिंकू ने कहा कि ट्रस्ट पशुओं की सुरक्षा और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन के साथ हर संभव सहयोग करेगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन से नियमित निगरानी एवं दिन-रात गश्त की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया, ताकि पशुओं को अवैध रूप से इधर-उधर ले जाने और सड़कों-जंगलों में छोड़ने की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
इस मौके पर अधिवक्ता अक्षय, किरण, लगमनवीं पंचायत के उपप्रधान विकास शर्मा मौजूद रहे।
Comments
Post a Comment