15 साल से सेवाएं, फिर भी नौकरी की गारंटी नहीं! आउटसोर्स कर्मियों का 25 अगस्त को शिमला में बड़ा प्रदर्शन
15 साल से सेवाएं, फिर भी नौकरी की गारंटी नहीं! आउटसोर्स कर्मियों का 25 अगस्त को शिमला में बड़ा प्रदर्शन
हिमाचल प्रदेश संयुक्त आउटसोर्स कर्मचारी संघ ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए 25 अगस्त को प्रदेशभर के आउटसोर्स कर्मचारियों के शिमला में एकजुट होकर प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। संघ की बैठक शुक्रवार को शिमला में संयोजक अरविंद शर्मा की अध्यक्षता में हुई, जिसमें आंदोलन को सफल बनाने के लिए कर्मचारियों से बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया गया।
संघ का कहना है कि प्रदेश के विभिन्न विभागों में हजारों आउटसोर्स कर्मचारी पिछले 10 से 15 वर्षों से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। ये कर्मचारी सरकार की योजनाओं और नीतियों को आम जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। संघ ने आरोप लगाया कि कई कर्मचारियों ने सेवा के दौरान अपनी जान गंवाई, जबकि कई दुर्घटनाओं में दिव्यांग हुए। इसके बावजूद उन्हें नाममात्र का वेतन दिया जा रहा है और कई कर्मचारियों को वर्षों तक सेवा देने के बाद नौकरी से हटा दिया गया।
58 वर्ष तक नौकरी की सुरक्षा और वेतन बढ़ोतरी की मांग
संघ ने सरकार से आउटसोर्स कर्मचारियों को 58 वर्ष की आयु तक नौकरी की सुरक्षा, वेतन में उचित बढ़ोतरी तथा सेवा के दौरान मृत्यु या स्थायी दिव्यांगता की स्थिति में आश्रितों को उचित मुआवजा और रोजगार देने की मांग उठाई है। संघ का कहना है कि इससे कर्मचारी अपने परिवार और सामाजिक दायित्वों का सम्मानपूर्वक निर्वहन कर सकेंगे।
पंजाब की तर्ज पर हिमाचल में भी नीति बनाने की मांग
बैठक में पंजाब सरकार द्वारा आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए बनाई गई नीति का भी उल्लेख किया गया। संघ के अनुसार पंजाब में निश्चित अवधि की सेवा पूरी करने के बाद आउटसोर्स कर्मचारियों को सीधे अनुबंध पर लाने की व्यवस्था की गई है। इसी तर्ज पर हिमाचल प्रदेश में भी निश्चित अवधि की सेवा पूरी करने वाले आउटसोर्स कर्मचारियों को दैनिक वेतनभोगी अथवा अनुबंध आधार पर लाने की नीति बनाने की मांग की गई है।
मानसून सत्र में फैसला नहीं हुआ तो 25 अगस्त को शिमला में जुटेंगे कर्मचारी
संघ ने स्पष्ट किया कि यदि मानसून सत्र के दौरान सरकार की ओर से कर्मचारियों की मांगों पर कोई सकारात्मक निर्णय या ठोस प्रतिक्रिया नहीं आती है तो 25 अगस्त को प्रदेश के विभिन्न विभागों में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारी शिमला में एकत्र होकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
संघ ने प्रदेश सरकार से लंबे समय से लंबित मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है, ताकि कर्मचारियों में व्याप्त असंतोष को दूर किया जा सके।
संघ ने प्रदेशभर के सभी आउटसोर्स कर्मचारियों से 25 अगस्त के आंदोलन में एकजुट होकर बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपनी जायज मांगों को मजबूती से सरकार के समक्ष रखने का आह्वान किया है।
Comments
Post a Comment