समीरपुर विश्राम गृह में विधायक सुरेश कुमार ने सुनी जन समस्याएं, अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही किया समाधान
समीरपुर विश्राम गृह में विधायक सुरेश कुमार ने सुनी जन समस्याएं, अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही किया समाधान
भोरंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेश कुमार ने आज समीरपुर विश्राम गृह में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुनीं। इस जनसुनवाई में विभिन्न पंचायतों से आए लगभग 200 लोगों ने अपनी समस्याएं एवं मांगें विधायक के समक्ष रखीं। कार्यक्रम के दौरान प्राप्त अधिकांश शिकायतों का संबंधित विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति में मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
जनसुनवाई कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे। विधायक सुरेश कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
इस अवसर पर विधायक सुरेश कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता आम जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण एवं क्षेत्र का सुनियोजित विकास है। उन्होंने कहा कि सरकार जनकल्याण की भावना से कार्य करते हुए यह सुनिश्चित कर रही है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ समय पर पहुंचे।
उन्होंने कहा कि भोरंज विधानसभा क्षेत्र को प्रत्येक आयु वर्ग की आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, सिंचाई, बिजली, खेल एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए अनेक विकास परियोजनाओं पर तेजी से कार्य चल रहा है।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार व्यवस्था परिवर्तन के संकल्प के साथ हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। सरकार पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसहभागिता को बढ़ावा देते हुए विकास कार्यों को नई गति दे रही है, जिससे प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र का समान एवं संतुलित विकास सुनिश्चित हो सके।
जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे तथा उन्होंने अपनी समस्याओं के समाधान के लिए विधायक का आभार व्यक्त किया।
Comments
Post a Comment