सड़क निर्माण कार्य में स्वयं जुटे लगमनवीं पंचायत के प्रधान केशव कौशल, लोगों ने की सराहना
सड़क निर्माण कार्य में स्वयं जुटे लगमनवीं पंचायत के प्रधान केशव कौशल, लोगों ने की सराहना
ग्राम पंचायत लगमनवीं के प्रधान केशव कौशल ने जनसेवा का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत करते हुए लुदर से सुलगवान वाया लगमनवीं सड़क के निर्माण कार्य में स्वयं श्रमिकों के साथ मिलकर काम किया। उन्होंने सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण करने के साथ-साथ निर्माण कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाई और अधिकारियों व ठेकेदार को गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
प्रधान केशव कौशल ने कहा कि यह सड़क क्षेत्र के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। लंबे समय से सड़क की मरम्मत की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। अब रिपेयर कार्य शुरू होने से क्षेत्र के लोगों, किसानों, विद्यार्थियों और वाहन चालकों को काफी राहत मिलेगी।
उन्होंने इस सड़क के रिपेयर कार्य को शुरू करवाने के लिए भोरंज के विधायक सुरेश कुमार का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विधायक के प्रयासों से क्षेत्र की लंबे समय से लंबित मांग पूरी हुई है, जिससे हजारों लोगों को लाभ मिलेगा।
प्रधान केशव कौशल ने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्ध पूर्णता उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि सड़क का रिपेयर कार्य शीघ्र पूरा होगा और लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
स्थानीय लोगों ने भी प्रधान केशव कौशल द्वारा स्वयं मौके पर पहुंचकर श्रमिकों के साथ कार्य करने की सराहना की और सड़क मरम्मत कार्य शुरू होने पर विधायक सुरेश कुमार का आभार व्यक्त किया।
Comments
Post a Comment