ग्राम पंचायत टिक्करी मिनहासां में किन्नरों को दी जाने वाली राशि ₹2100 निर्धारित

ग्राम पंचायत टिक्करी मिनहासां में किन्नरों को दी जाने वाली राशि ₹2100 निर्धारित
Him View - Hamirpur Himachal Pradesh 
ग्राम पंचायत टिक्करी मिनहासां की एक बैठक पंचायत प्रधान मान चंद कालिया की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें पंचायत क्षेत्र से जुड़े विभिन्न सामाजिक एवं जनहित के विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों एवं उपस्थित गणमान्य लोगों की सहमति से यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि पंचायत क्षेत्र में विवाह, गृह प्रवेश, बच्चे के जन्म, मुंडन संस्कार अथवा अन्य शुभ अवसरों पर किन्नरों को स्वेच्छा से दी जाने वाली राशि की अधिकतम सीमा ₹2100 निर्धारित की जाती है।
प्रधान मान चंद कालिया ने बताया कि पिछले कुछ समय से कई परिवारों द्वारा यह शिकायत की जा रही थी कि शुभ अवसरों पर अत्यधिक धनराशि की मांग किए जाने के कारण लोगों पर अनावश्यक आर्थिक दबाव पड़ता है। इन शिकायतों को ध्यान में रखते हुए पंचायत ने सामाजिक हित और जनभावनाओं का सम्मान करते हुए सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया है।
उन्होंने कहा कि पंचायत किसी भी समुदाय के सम्मान के विरुद्ध नहीं है। यह निर्णय केवल पंचायत क्षेत्र के लोगों पर पड़ने वाले अनावश्यक आर्थिक बोझ को कम करने तथा सामाजिक संतुलन बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है। पंचायत सभी नागरिकों से अपेक्षा करती है कि वे इस निर्णय का पालन करें और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में सहयोग दें।
प्रधान ने कहा कि पंचायत क्षेत्र के सभी परिवारों से अनुरोध है कि वे इस निर्णय का सम्मान करें तथा विवाह एवं अन्य शुभ अवसरों पर किन्नरों को अधिकतम ₹2100 तक ही राशि प्रदान करें। यदि किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न होती है तो उसकी सूचना पंचायत को दें, ताकि पंचायत उचित स्तर पर समाधान के लिए आवश्यक कदम उठा सके।
ग्राम पंचायत टिक्करी मिनहासां ने सभी पंचायतवासियों से इस निर्णय के प्रभावी क्रियान्वयन में सहयोग देने की अपील की है, ताकि समाज में आपसी भाईचारा, शांति और सौहार्द बना रहे।

Comments

Popular posts from this blog

भोरंज के भ्याड़ गांव में उत्सव का माहौल: राहुल रावल बने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट

भोरंज के सौरभ सौरभ ठाकुर ने HAS परीक्षा में चौथा रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम किया रोशन

भोरंज भाजपा में उभर रहा नया युवा चेहरा, पुराने दावेदारों की बढ़ सकती है चिंता