महल ग्राम पंचायत की ग्राम सभा सफलतापूर्वक सम्पन्न, 200 से अधिक ग्रामीणों की रही सहभागिता

महल ग्राम पंचायत की ग्राम सभा सफलतापूर्वक सम्पन्न, 200 से अधिक ग्रामीणों की रही सहभागिता
Him View - Hamirpur Himachal Pradesh 
महल ग्राम पंचायत की ग्राम सभा का आयोजन प्रधान रवि कुमार एवं उपप्रधान राजकुमार शर्मा की अध्यक्षता में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। ग्राम सभा में 200 से अधिक ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पंचायत के विकास एवं जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव एवं विचार प्रस्तुत किए।

इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य  अनीता तथा बीडीसी सदस्य  अंजू कुमारी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं, सुझावों एवं विकास संबंधी मुद्दों को गंभीरता से सुना तथा उनके समाधान एवं पंचायत के आगामी विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की।

ग्राम सभा की सबसे उल्लेखनीय विशेषता युवाओं, माताओं, बहनों एवं बुजुर्गों की सक्रिय एवं उत्साहपूर्ण भागीदारी रही। अनेक ग्रामीणों ने अपने-अपने क्षेत्रों की सामाजिक एवं विकास संबंधी समस्याओं के समाधान हेतु लिखित प्रस्ताव एवं आवेदन भी पंचायत को सौंपे। पंचायत प्रतिनिधियों ने इसे बढ़ती जनभागीदारी एवं जागरूकता का सकारात्मक संकेत बताया।

ग्राम पंचायत द्वारा पूर्ण पारदर्शिता के साथ केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं, पंचायत द्वारा संचालित विकास कार्यों तथा आगामी प्रस्तावित कार्यों की जानकारी ग्रामीणों के समक्ष रखी गई। साथ ही पंचायत द्वारा सूचना के त्वरित प्रसार एवं पारदर्शिता के उद्देश्य से संचालित आधिकारिक सोशल मीडिया एवं ऑनलाइन माध्यमों की जानकारी भी साझा की गई, जिसकी ग्रामीणों ने सराहना की।

प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत प्राप्त लाभार्थियों की सूची भी ग्राम सभा में सार्वजनिक की गई। पंचायत ने स्पष्ट किया कि केवल सूची में नाम आने से पात्रता अंतिम नहीं मानी जाएगी, बल्कि संबंधित विभाग द्वारा सत्यापन के उपरांत ही नियमानुसार पात्रता सुनिश्चित की जाएगी।

ग्राम सभा में कई महत्वपूर्ण जनहित निर्णय भी सर्वसम्मति से लिए गए। पंचायत क्षेत्र में सामान बेचने आने वाले बाहरी फेरी वालों के लिए महल ग्राम पंचायत एवं भोरंज पुलिस थाना से सत्यापन अनिवार्य किया गया। बिना सत्यापन पाए जाने पर ₹2000 का जुर्माना लगाने का निर्णय लिया गया। इसी प्रकार बाहरी व्यक्तियों को किराये पर कमरा उपलब्ध कराने वाले मकान मालिकों के लिए भी संबंधित व्यक्ति का पंचायत एवं पुलिस सत्यापन अनिवार्य किया गया।

इसके अतिरिक्त विवाह एवं जन्मोत्सव के अवसर पर किन्नर समुदाय को ₹3100 की राशि निर्धारित करने का निर्णय लिया गया। इससे अधिक राशि देना संबंधित परिवार की स्वेच्छा पर निर्भर रहेगा।

ग्राम सभा में पॉलीथीन एवं प्लास्टिक कचरे के उचित प्रबंधन पर भी चर्चा की गई। दुकानदारों एवं ग्रामीणों से अपील की गई कि वे प्लास्टिक रैपरों को इधर-उधर न फेंकें तथा दुकानों के बाहर डस्टबिन की व्यवस्था कर स्वच्छता अभियान में सहयोग दें।

बैठक में पंचायत के कई वर्षों से लंबित विकास कार्यों एवं अन्य महत्वपूर्ण जनहित विषयों पर भी विस्तृत चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि इन विषयों को आगामी पंचायत बैठकों में प्राथमिकता के आधार पर शामिल कर आवश्यक स्वीकृतियाँ प्राप्त होने के बाद चरणबद्ध तरीके से कार्य प्रारंभ किए जाएंगे। कुछ प्राथमिकता वाले कार्यों की प्रक्रिया तत्काल शुरू करने का भी निर्णय लिया गया।

अंत में महल ग्राम पंचायत ने ग्राम सभा में उपस्थित सभी ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनभागीदारी ही सशक्त, पारदर्शी एवं विकासोन्मुख पंचायत की सबसे बड़ी ताकत है। पंचायत ने भविष्य में भी इसी प्रकार सभी ग्रामीणों से सक्रिय सहयोग एवं सहभागिता की अपेक्षा व्यक्त की।

Comments

Popular posts from this blog

भोरंज के भ्याड़ गांव में उत्सव का माहौल: राहुल रावल बने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट

भोरंज के सौरभ सौरभ ठाकुर ने HAS परीक्षा में चौथा रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम किया रोशन

भोरंज भाजपा में उभर रहा नया युवा चेहरा, पुराने दावेदारों की बढ़ सकती है चिंता