महिला मोर्चा द्वारा टिफिन बैठक का आयोजन, कम ईंधन एवं कम तेल में पौष्टिक भोजन बनाने पर हुई चर्चा
महिला मोर्चा द्वारा टिफिन बैठक का आयोजन, कम ईंधन एवं कम तेल में पौष्टिक भोजन बनाने पर हुई चर्चा
Him View - Hamirpur Himachal Pradesh
आज भोरंज महिला मोर्चा मंडल खास एवं समीरपुर मंडल महिला मोर्चा की संयुक्त टिफिन बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दोनों मंडलों की अध्यक्षों, महामंत्रियों एवं जिला परिषद सदस्य रजनी देवी की विशेष उपस्थिति रही।
बैठक का मुख्य विषय कम ईंधन और कम तेल का उपयोग करके पौष्टिक एवं स्वास्थ्यवर्धक भोजन तैयार करने के तरीके रहे। इस अवसर पर सभी बहनों ने अपने-अपने घरों से विभिन्न प्रकार के व्यंजन बनाकर लाए तथा एक-दूसरे के साथ साझा किए। सभी ने मिलकर भोजन का आनंद लिया और अपने अनुभवों एवं घरेलू सुझावों का आदान-प्रदान किया।
बैठक में महिलाओं ने स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार, ईंधन की बचत तथा रसोई प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को घरेलू संसाधनों के बेहतर उपयोग और परिवार के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।
भोरंज मंडल खास महिला मोर्चा की अध्यक्ष अंजना कुमारी ने बताया कि यह कार्यक्रम प्रदेश महिला मोर्चा द्वारा प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुसार आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम महिलाओं को एक-दूसरे से सीखने, अपने अनुभव साझा करने तथा सामाजिक सहभागिता को मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ तथा सभी उपस्थित महिलाओं ने भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक और जन-जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया।
Comments
Post a Comment