डॉ. सुमित पुन्याल ने टिक्करी मिन्हांसा वार्ड से पंचायत समिति सदस्य के लिए पेश की दावेदारी; स्वास्थ्य और विकास को बताया मुख्य प्राथमिकता
डॉ. सुमित पुन्याल ने टिक्करी मिन्हांसा वार्ड से पंचायत समिति सदस्य के लिए पेश की दावेदारी; स्वास्थ्य और विकास को बताया मुख्य प्राथमिकता
Him View - Hamirpur Himachal Pradesh
समाज सेवा और स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाने वाले डॉ. सुमित पुन्याल ने आगामी पंचायत समिति (BDC) चुनावों के लिए टिक्करी मिन्हांसा वार्ड नंबर 14 से अपनी दावेदारी पेश कर दी है। ग्राम भजलाह निवासी डॉ. पुन्याल, जो कि सेवानिवृत्त यूको बैंक अधिकारी श्री किशोरी लाल पुन्याल के पुत्र हैं, लंबे समय से क्षेत्र में स्वास्थ्य जागरूकता और जनहित के कार्यों में सक्रिय रहे हैं।
प्रेस को जारी एक बयान में डॉ. सुमित पुन्याल ने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य टिक्करी मिन्हांसा, लुद्दर महादेव और लड़याणी क्षेत्र का सर्वांगीण और संतुलित विकास करना है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें अब तक 4 राज्य स्तरीय और 2 राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।
डॉ. सुमित ने क्षेत्र के विकास के लिए अपना विजन साझा करते हुए निम्नलिखित बिंदुओं पर जोर दिया:
बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ: हर गाँव तक नियमित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर पहुँचाना और पंचायतों में 'हेल्थ पार्क' (ओपन जिम) का निर्माण करना।
महिला सशक्तिकरण: स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार और कौशल प्रशिक्षण से जोड़ना।
युवाओं के लिए अवसर: बच्चों के लिए करियर काउंसलिंग, युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए कौशल विकास और क्षेत्र को नशामुक्त बनाने के लिए खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना।
बुनियादी ढांचा: सड़कों, पानी की व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट और सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करना।
पारदर्शी व्यवस्था: पंचायत स्तर पर एक ईमानदार और जवाबदेह कार्यप्रणाली सुनिश्चित करना।
डॉ. सुमित पुन्याल ने क्षेत्र के मतदाताओं से आशीर्वाद और समर्थन की अपील करते हुए कहा कि "मैं राजनीति में किसी वादे के साथ नहीं, बल्कि सेवा के अटूट विश्वास के साथ आया हूँ। क्षेत्र का एक-एक वोट हमारे भविष्य की मजबूत नींव रखेगा।"
उन्होंने जनता से आह्वान किया कि वे एक नए और विकसित क्षेत्र के निर्माण के लिए उनका साथ दें।

Comments
Post a Comment