पहले अपना घर, फिर गांव, तभी बदलेगा समाज” — डॉ. ऋतिक शर्मा

 “पहले अपना घर, फिर गांव, तभी बदलेगा समाज” — डॉ. ऋतिक शर्मा


Him View 

ठंडोह : पंचायत मरहाणा के अंतर्गत गांव ठंडोह में रामनवमी के पावन अवसर पर शिव मंदिर परिसर में एक प्रभावशाली नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया, जिसमें नशा मुक्ति को लेकर ग्रामीणों को जागरूक किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में समाजसेवी डॉ. ऋतिक शर्मा तथा मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व जिला पार्षद इंदु शर्मा उपस्थित रहीं।


सभा को संबोधित करते हुए डॉ. ऋतिक शर्मा ने कहा कि समाज में बदलाव लाने के लिए सबसे पहले अपने घर से शुरुआत करनी होगी। उन्होंने कहा, “पहले अपना घर नशे से बचाएं, फिर गांव, उसके बाद समाज, प्रदेश और अंत में देश—इसी क्रम में सुधार संभव है। जब हर परिवार जागरूक होगा, तभी एक मजबूत और स्वस्थ समाज का निर्माण होगा।”


उन्होंने नशे को समाज के लिए घातक बताते हुए कहा कि यह युवाओं के भविष्य को अंधकार की ओर धकेल रहा है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों पर ध्यान दें और उन्हें सही दिशा दें, ताकि वे नशे जैसी बुराइयों से दूर रह सकें।


मुख्य अतिथि इंदु शर्मा ने अपने विचार रखते हुए कहा कि नशा मुक्ति केवल एक अभियान नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा, “जब तक समाज एकजुट होकर इसके खिलाफ खड़ा नहीं होगा, तब तक इस समस्या का समाधान संभव नहीं है। ठंडोह गांव ने जो पहल की है, वह अन्य गांवों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।” उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं की भूमिका को अहम बताते हुए कहा कि महिलाएं यदि ठान लें तो हर घर को नशामुक्त बनाया जा सकता है।


रामनवमी के शुभ अवसर पर गांववासियों द्वारा भव्य भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान पूरे गांव में धार्मिक और सामाजिक एकता का सुंदर वातावरण देखने को मिला।


कार्यक्रम के दौरान डॉ. ऋतिक शर्मा और इंदु शर्मा ने शिव मंदिर में निरंतर होने वाले धार्मिक व सामाजिक आयोजनों को सहयोग देने हेतु कुर्सियां भी भेंट कीं, जिसे ग्रामवासियों ने सराहना के साथ स्वीकार किया।


इस मौके पर सेवानिवृत्त डीएसपी गुरबचन सिंह, अधिवक्ता अंचल रनौत, अमित ठाकुर (मोनू), देव राज रनौत, प्रवीण, जोगिंदर उर्फ काका, सुरेश, विक्की, अनिल, जसबीर उर्फ विक्की, करतार, सतीश, बोधी राज (सेवानिवृत्त पुलिस) सहित महिला मंडल की सदस्याएं और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।


सभा के अंत में सभी उपस्थित ग्रामीणों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि वे नशे के खिलाफ एकजुट रहेंगे और अपने गांव व समाज को नशामुक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास करेंगे।


आयोजक समिति ने सभी अतिथियों और ग्रामवासियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह पहल आगे भी जारी रहेगी और बहुत जल्द पंचायत मरहाणा को पूर्ण रूप से “चिट्टा मुक्त” बनाने का लक्ष्य हासिल किया जाएगा, जो केवल सभी के सामूहिक प्रयासों से ही संभव है।

Comments

Popular posts from this blog

भोरंज के भ्याड़ गांव में उत्सव का माहौल: राहुल रावल बने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट

भोरंज के सौरभ सौरभ ठाकुर ने HAS परीक्षा में चौथा रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम किया रोशन

भोरंज भाजपा में उभर रहा नया युवा चेहरा, पुराने दावेदारों की बढ़ सकती है चिंता