हिमाचल के बालकृष्ण दूसरी बार करेंगे सीनियर राष्ट्रीय कोर्फबॉल प्रतियोगिता में निभायेंगे रेफरी की भूमिका

 हिमाचल के बालकृष्ण दूसरी बार करेंगे सीनियर राष्ट्रीय कोर्फबॉल प्रतियोगिता में निभायेंगे रेफरी की भूमिका

26 से 29 मार्च तक हरियाणा के पलवल में होगी 37वीं राष्ट्रीय कोर्फबॉल प्रतियोगिता


Him View - Hamirpur Himachal Pradesh 

हिमाचल प्रदेश के कोर्फबॉल खिलाड़ी अब अपनी प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में रेफरी के रूप में भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। राष्ट्रीय खिलाड़ी एवं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गालियां, जिला बिलासपुर में कॉमर्स के प्रवक्ता बालकृष्ण का दूसरी बार राष्ट्रीय कोर्फबॉल प्रतियोगिता के लिए रेफरी के रूप में चयन हुआ है।

अखिल भारतीय कोर्फबॉल फेडरेशन ने अधिसूचना जारी कर बालकृष्ण को 37वीं राष्ट्रीय सीनियर कोर्फबॉल प्रतियोगिता में रेफरी के रूप में आमंत्रित किया है। यह प्रतियोगिता 26 से 29 मार्च तक हरियाणा राज्य के पलवल स्थित श्री विश्वकर्मा स्किल यूनिवर्सिटी में आयोजित की जाएगी।

रविवार को जाहू में मीडिया से बातचीत करते हुए बालकृष्ण ने बताया कि वह राष्ट्रीय खिलाड़ी के रूप में आठ बार हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और दो बार प्रदेश की टीम को सिल्वर मेडल दिलाने में सफल रहे हैं। उन्होंने कोर्फबॉल खेल के स्पोर्ट्स कोटे के तहत हमीरपुर जिला के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कश्मीर में कॉमर्स प्रवक्ता के रूप में नौकरी प्राप्त की है।

रेफरी बनने की इच्छा के चलते उन्होंने वर्ष 2011 में रेफरी लेवल-1 तथा वर्ष 2022 में लेवल-2 का कोर्स उत्तीर्ण किया, जिसके बाद उन्हें राष्ट्रीय रेफरी बनने का गौरव प्राप्त हुआ। उन्होंने पहली बार लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी जालंधर में आयोजित 36वीं राष्ट्रीय सीनियर कोर्फबॉल प्रतियोगिता में रेफरी की भूमिका निभाई थी, जहां उन्हें अच्छा अनुभव प्राप्त हुआ।

बालकृष्ण ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में कोर्फबॉल खेल गांव-गांव तक पहुंच चुका है। इसका सबसे अधिक प्रचलन हमीरपुर, मंडी, बिलासपुर, कांगड़ा, शिमला, कुल्लू और सोलन जिलों में है, जबकि अन्य जिलों की टीमें भी अब प्रतियोगिताओं में कड़ी टक्कर दे रही हैं।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कोर्फबॉल खेल को बढ़ावा देने का श्रेय राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त एवं सेवानिवृत्त एडीपीओ बी.आर. सुमन और अंतरराष्ट्रीय रेफरी विनोद ठाकुर को जाता है। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से कोर्फबॉल खेल की उपलब्धियों को देखते हुए इसे पुनः स्पोर्ट्स कोटे में शामिल करने की मांग भी की है।

फोटो कैप्शन : राष्ट्रीय रेफरी बालकृष्ण।

Comments

Popular posts from this blog

भोरंज के भ्याड़ गांव में उत्सव का माहौल: राहुल रावल बने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट

भोरंज के सौरभ सौरभ ठाकुर ने HAS परीक्षा में चौथा रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम किया रोशन

भोरंज भाजपा में उभर रहा नया युवा चेहरा, पुराने दावेदारों की बढ़ सकती है चिंता