एसडीएम भोरंज शशि पाल शर्मा ने गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज भोरंज में रक्तदान शिविर का किया शुभारंभ
एसडीएम भोरंज शशि पाल शर्मा ने गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज भोरंज में रक्तदान शिविर का किया शुभारंभ
रक्तदान से बढ़कर कोई मानव सेवा नहीं, युवा आगे आकर निभाएं सामाजिक दायित्व — एसडीएम
Him View - Hamirpur Himachal Pradeshराजकीय डिग्री कॉलेज भोरंज में आज एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन रेड क्रॉस सोसायटी ( रेड रिबन क्लब हमीरपुर) के सौजन्य से किया गया। शिविर की अध्यक्षता एसडीएम भोंरज शशिपाल शर्मा ने की।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए एसडीएम शशिपाल शर्मा ने कहा कि रक्तदान न केवल एक महान दान है, बल्कि यह मानवता की सेवा का सर्वोत्तम माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि रक्तदान के माध्यम से किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन प्रदान किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे इस प्रकार के सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा नियमित रूप से रक्तदान कर समाज के प्रति अपने दायित्व का निर्वहन करें।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविर समाज में जागरूकता फैलाने के साथ-साथ युवाओं में सेवा, सहयोग और परोपकार की भावना को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान करना चाहिए ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके।
रक्तदान शिविर में महाविद्यालय के विद्यार्थियों, प्राध्यापकों, गैर-शिक्षक कर्मचारियों सहित स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर के दौरान रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में किया गया तथा सभी आवश्यक मानकों का पालन करते हुए सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण में रक्त संग्रह की प्रक्रिया संपन्न की गई।
शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उनके इस सराहनीय योगदान के लिए उनका उत्साहवर्धन भी किया गया। महाविद्यालय प्रशासन ने इस सफल आयोजन के लिए रेड क्रॉस सोसायटी, चिकित्सा दल तथा सभी स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के जनहित से जुड़े कार्यक्रमों के आयोजन के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Comments
Post a Comment