भराड़ी व्यापार मंडल का साधारण अधिवेशन सम्पन्न

 भराड़ी व्यापार मंडल का साधारण अधिवेशन सम्पन्न

ऑनलाइन कारोबार पर नियंत्रण व स्थानीय व्यापार के संरक्षण की उठी सशक्त आवाज

घुमारवीं, 17,जनवरी


Him View - Hamirpur Himachal Pradesh  

भराड़ी व्यापार मंडल का साधारण अधिवेशन व्यापार मंडल के प्रधान राजेश कुमार की अध्यक्षता में भराड़ी विश्राम गृह में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। इस अवसर पर आजाद कुमार, श्याम लाल शर्मा तथा हिमाचल किसान एवं जन कल्याण सभा हिमाचल प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष बृज लाल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में विशेष रूप से उपस्थित रहे। अधिवेशन में भराड़ी एवं आसपास के क्षेत्रों के बड़ी संख्या में व्यापारियों ने भाग लिया।

साधारण अधिवेशन के दौरान व्यापार मंडल द्वारा गत अवधि के आय-व्यय का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया गया, जिसे उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से पारित किया। साथ ही संगठन की आर्थिक स्थिति को और अधिक मजबूत करने, सदस्यता विस्तार तथा आगामी कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

अधिवेशन को संबोधित करते हुए व्यापार मंडल के प्रधान राजेश कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में ऑनलाइन माध्यम से हो रहा कारोबार स्थानीय व्यापारियों के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन गया है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बिना किसी प्रभावी नियंत्रण के बिक रहा सस्ता सामान स्थानीय दुकानदारों की रोजी-रोटी पर सीधा असर डाल रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि ऑनलाइन कारोबार के लिए स्पष्ट, सख्त और समान नियम लागू किए जाएं, ताकि स्थानीय व्यापार को संरक्षण मिल सके।

मुख्य अतिथि आजाद कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि स्थानीय व्यापार किसी भी क्षेत्र की अर्थव्यवस्था की रीढ़ होता है। उन्होंने व्यापार मंडल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि छोटे व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित मंचों तक पहुंचाया जाना चाहिए।

मुख्य अतिथि श्याम लाल शर्मा ने कहा कि स्थानीय बाजारों का सशक्त होना क्षेत्र के समग्र विकास के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि स्थानीय व्यापारी मजबूत होंगे तो इससे रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने सरकार से स्थानीय व्यापारियों के हित में ठोस नीतियां बनाने का आग्रह किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि हिमाचल किसान एवं जन कल्याण सभा, हिमाचल प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष बृज लाल शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि किसान, व्यापारी और उपभोक्ता एक-दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय व्यापार कमजोर होने का सीधा असर किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर पड़ता है। उन्होंने ऑनलाइन कारोबार पर संतुलित और न्यायसंगत नीति लागू करने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि सरकार को छोटे व्यापारियों और किसानों दोनों के हितों की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने स्थानीय उत्पादों और स्थानीय बाजारों को बढ़ावा देने की भी अपील की।

अधिवेशन में करतार चौधरी, दिनेश कुमार, सलाहकार करतार चौधरी, अमी चंद सोनी, दिनेश कुमार शर्मा और सतीश सहगल ने भी अपने विचार रखते हुए व्यापारियों की समस्याओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन व्यापार के साथ-साथ बढ़ती महंगाई, टैक्स प्रणाली की जटिलताएं और घटती क्रय शक्ति भी व्यापारियों के लिए बड़ी चुनौती बन चुकी है।

उप प्रधान गौरव सहगल ने कहा कि व्यापार मंडल व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए हरसंभव कदम उठाएगा। कोषाध्यक्ष रमेश भाटिया ने संगठन की आर्थिक स्थिति पर जानकारी दी, जबकि सचिव दीनानाथ शर्मा ने अधिवेशन की कार्यवाही और भविष्य की योजनाओं का विवरण प्रस्तुत किया।

अधिवेशन में सदस्य रविंद्र कुमार, अनिल ठाकुर, धीरज ठाकुर, धीरज शर्मा, सुनील शर्मा, मनु चौधरी, पंकज, अनिल सहगल सहित अन्य व्यापारियों ने भी अपनी-अपनी समस्याएं और सुझाव रखे। व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में सड़क, पार्किंग, बिजली, सफाई व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने की मांग भी उठाई।

अंत में व्यापार मंडल की कार्यकारिणी ने व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन और संबंधित विभागों से प्रभावी ढंग से मामला उठाने का आश्वासन दिया। प्रधान राजेश कुमार ने मुख्य अतिथियों तथा सभी उपस्थित सदस्यों का धन्यवाद करते हुए कहा कि व्यापार मंडल एकजुट होकर स्थानीय व्यापार और व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।

Comments

Popular posts from this blog

भोरंज के भ्याड़ गांव में उत्सव का माहौल: राहुल रावल बने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट

भोरंज के सौरभ सौरभ ठाकुर ने HAS परीक्षा में चौथा रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम किया रोशन

भोरंज भाजपा में उभर रहा नया युवा चेहरा, पुराने दावेदारों की बढ़ सकती है चिंता