कला एवं खेल मंच, भोरंज द्वारा आयोजित निःशुल्क चिकित्सा जांच शिविर
कला एवं खेल मंच, भोरंज द्वारा आयोजित निःशुल्क चिकित्सा जांच शिविर
150 से अधिक लोगों ने करवाया अपना स्वास्थ्य परीक्षण
Him View - Hamirpur Himachal Pradesh
भोरंज उपमंडल में स्थानीय सामाजिक-सांस्कृतिक संगठन 'कला एवं खेल मंच, भोरंज' के तत्वावधान में आज यहाँ सन स्काई होटल परिसर में ईडन हॉस्पिटल चंडीगढ़ द्वारा विशेष निःशुल्क चिकित्सा जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। संस्था के उपाध्यक्ष कैप्टन राकेश कुमार ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि इस एक-दिवसीय शिविर में क्षेत्र के 150 से अधिक पुरुषों, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों ने अपना समग्र स्वास्थ्य परीक्षण करवाया, जो संगठन के सामुदायिक स्वास्थ्य के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
शिविर का शुभारंभ हिमाचल यूथ कांग्रेस डॉक्टर सेल के प्रदेश चेयरमैन डॉक्टर आशीष किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में डॉक्टर आशीष ने कहा, “हमारा उद्देश्य केवल मनोरंजन या खेल तक सीमित नहीं है। इन्होंने कहा कि एक स्वस्थ समाज ही रचनात्मक और ऊर्जावान हो सकता है। आज के इस शिविर के माध्यम से हमने समाज के उन तबकों तक बुनियादी स्वास्थ्य सेवाएं पहुँचाने का प्रयास किया है, जिनके लिए नियमित जांच सुलभ नहीं है। 150 से अधिक लोगों की सहभागिता हमारे लिए एक सुखद अनुभव और प्रेरणा है।”इस कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में समाजसेवी पवन डोगरा ने शिरकत की।
शिविर में स्वयंसेवी चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की टीम ने प्रतिभागियों का रक्तचाप (बीपी), रक्त शर्करा (ब्लड शुगर), हीमोग्लोबिन, बीएमआई, तथा सामान्य शारीरिक जांच की। इसके साथ ही, प्रत्येक व्यक्ति को चिकित्सकों द्वारा विस्तृत परामर्श दिया गया तथा आवश्यकता अनुसार निःशुल्क आधारभूत दवाएं भी वितरित की गईं। विशेष रूप से मधुमेह, उच्च रक्तचाप, एनीमिया एवं जोड़ों के दर्द से संबंधित मामलों पर विस्तृत चर्चा की गई।
शिविर में उपस्थित मुख्य चिकित्सक डॉ. विशाल रैना और डॉक्टर अंकुर सबरबाल ने कहा, “नियमित जागरूकता और प्रारंभिक जांच किसी भी गंभीर बीमारी को रोकने की पहली सीढ़ी है। इस तरह के शिविर समुदाय में यही जागरूकता फैलाते हैं। आज बहुत से ऐसे लोग मिले, जिन्हें अपने स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का पता ही नहीं था, और उन्हें तुरंत मार्गदर्शन मिल सका।”
शिविर में विशेष अतिथि आए पलपल पंचायत के प्रधान जोगिंदर राणा ने कहा, “बाजार में जांच करवाना महंगा है। मंच द्वारा आयोजित यह शिविर हम जैसे लोगों के लिए वरदान साबित हुआ है। न केवल जांच हुई, बल्कि डॉक्टर साहब ने धैर्य से सब समझाया भी।”
कार्यक्रम के संयोजक कैप्टन राकेश कुमार ने बताया कि इस शिविर के आयोजन में स्थानीय स्वयंसेवकों एवं सन स्काई होटल प्रबंधन का पूर्ण सहयोग रहा। उन्होंने आगे कहा कि इस सफलता से उत्साहित होकर संगठन भविष्य में ऐसे और स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम तथा विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर आयोजित करने की योजना बना रहा है।
मंच के सदस्यों का कहना है कि उनका प्रयास सतत जारी रहेगा ताकि भोरांज क्षेत्र के नागरिकों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़े और एक स्वस्थ, सक्रिय व उन्नत समाज का निर्माण हो सके।
इस मौके पर संस्था के अध्यक्ष कुलदीप डोगरा, देव राज , देवेंद्र सिंह ठाकुर, संदीप कतना, दिनेश संधू, आकाश, कुलदीप पटियाल, बलदेव सिंह, विनोद कुमार सोनी इत्यादि लोग मौजूद थे।
ईडन हॉस्पिटल चंडीगढ़ के सीनियर मैनेजर रसील गुलेरिया ने इस शिविर में पहुंचने पर सभी का धन्यवाद किया और कहा कि आगे भी इस तरह के शिविर का आयोजन किया जाएगा।

Comments
Post a Comment