दिम्मी तालाब का 50 लाख रुपये से होगा सौन्दर्यकरण, पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

 --दिम्मी तालाब का 50 लाख रुपये से होगा सौन्दर्यकरण, पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

--कंज्याण में बनेगा 2 करोड़ का तालाब, सम्मू तलाव सौन्दर्यकरण अंतिम चरण में।


Him View - Hamirpur Himachal Pradesh 

भोंरज विधानसभा क्षेत्र में स्थित दिम्मी तालाब का व्यापक स्तर पर सौन्दर्यकरण किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी योजना पर लगभग 50 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी और इसका क्रियान्वयन जल शक्ति विभाग द्वारा किया जाएगा। योजना के तहत तालाब को आकर्षक और पर्यावरण के अनुकूल स्वरूप दिया जाएगा, जिससे यह क्षेत्र के लोगों के लिए एक सुंदर पर्यटन और विश्राम स्थल के रूप में विकसित हो सके।


सौन्दर्यकरण के दौरान तालाब में आधुनिक फवारे स्थापित किए जाएंगे, जो इसकी सुंदरता को और बढ़ाएंगे। इसके साथ ही तालाब में मछलियां और बतख छोड़ी जाएंगी, जिससे प्राकृतिक वातावरण तैयार होगा और जैव विविधता को बढ़ावा मिलेगा। यह पहल न केवल सौन्दर्य की दृष्टि से महत्वपूर्ण होगी, बल्कि जल संरक्षण और पर्यावरण संतुलन की दिशा में भी एक सार्थक कदम साबित होगी।

तालाब के साथ-साथ लोक निर्माण विभाग द्वारा आसपास के क्षेत्र का भी विकास किया जाएगा। तालाब से जुड़ी सड़क के दोनों ओर आधा-आधा किलोमीटर तक पेवर ब्लॉक लगाए जाएंगे, जिससे सड़क का स्वरूप बेहतर होगा। सड़क किनारे हरियाली बढ़ाने के लिए पौधारोपण किया जाएगा तथा स्थानीय लोगों और पर्यटकों के बैठने के लिए चारों ओर बैंच लगाई जाएंगी। इस कार्य पर भी लगभग 50 लाख रुपये की लागत आएगी।

विधायक सुरेश कुमार ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र के एक अन्य प्रमुख जल स्रोत सम्मू ताल का सौन्दर्यकरण कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है और शीघ्र ही इसे आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कंज्याण क्षेत्र में लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से एक नए तालाब का निर्माण प्रस्तावित है, जिसका निर्माण कार्य पूरा होने के बाद उसका भी सौन्दर्यकरण किया जाएगा। इस तालाब में भी मछलियां और बतख छोड़ी जाएंगी, जिससे इसे एक आकर्षक स्थल के रूप में विकसित किया जा सके।

विधायक ने आगे बताया कि भोंरज विधानसभा क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अन्य संभावित स्थानों की पहचान की जा रही है, जहां इस प्रकार के सौन्दर्यकरण और विकास कार्य किए जा सकें। इन योजनाओं से न केवल क्षेत्र की सुंदरता में इजाफा होगा, बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे और भोंरज क्षेत्र को पर्यटन मानचित्र पर एक नई पहचान मिलेगी।

Comments

Popular posts from this blog

भोरंज के भ्याड़ गांव में उत्सव का माहौल: राहुल रावल बने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट

भोरंज के सौरभ सौरभ ठाकुर ने HAS परीक्षा में चौथा रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम किया रोशन

भोरंज भाजपा में उभर रहा नया युवा चेहरा, पुराने दावेदारों की बढ़ सकती है चिंता