उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को दिए अलर्ट रहने के निर्देश - Him View
उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को दिए अलर्ट रहने के निर्देश
Him View 16 July 2021
हमीरपुर 16 जुलाई। बरसात के मौसम के दौरान किसी भी तरह की आपात परिस्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने विशेष तैयारियां की हैं तथा सभी संबंधित विभागों को भी हर समय अलर्ट रहने के निर्देश जारी किए गए हैं।
उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष देबश्वेता बनिक ने बताया कि जिला के सभी एसडीएम, बीडीओ, राजस्व अधिकारियों-कर्मचारियों, पुलिस, होमगाड्र्स, नेशनल हाईवे, लोक निर्माण विभाग, जलशक्ति विभाग और वन विभाग सहित अन्य सभी विभागों के अधिकारियों को अपने मोबाइल फोन 24 घंटे आॅन रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आपात् परिस्थितियों में उनसे संपर्क किया जा सके।
उपायुक्त ने बताया कि कि जिले के किसी भी क्षेत्र में भारी बारिश, बाढ़, भू-स्खलन और अन्य प्राकृतिक आपदा से उत्पन्न आपात् स्थिति की सूचना जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के टाॅल फ्री नंबर 1077 पर की जा सकती है। सभी एसडीएम और राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी नुक्सान की रिपोर्ट तुरंत जिला प्रशासन को प्रेषित करें, ताकि प्रभावित लोगों को अतिशीघ्र राहत प्रदान की जा सके।
देबश्वेता बनिक ने बताया कि नेशनल हाईवे और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को भू-स्खलन की आशंका वाले स्थानों को चिह्नित करने, सड़क किनारे अवरुद्ध नालियों को साफ करने तथा हर समय मशीनरी तैयार रखने के निर्देश दिए हैं। नगर निकायों के कार्यकारी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नालियों, नालों तथा जलभराव की आशंका वाले स्थानों की सफाई सुनिश्चित करवाएं। नालों और नालियों पर हुए अतिक्रमण भी हटाएं।
उपायुक्त ने बताया कि ब्यास नदी से सटे सुजानपुर और नादौन के निचले इलाकों में विशेष ऐहतियात बरतने के निर्देश दिए गए हैं। बरसात के दौरान ब्यास नदी का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। इसलिए दोनों उपमंडलों के एसडीएम को नदी किनारे रह रहे लोगों को अलर्ट करने तथा भारी बाढ़ की स्थिति में उन्हें सुरक्षित स्थानों पर भेजने की व्यवस्था करने को कहा गया है। उपायुक्त ने सभी जिलावासियों से भी अपील की है कि वे खराब मौसम में नदी-नालों के किनारे तथा भू-स्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों की ओर न जाएं।
-0-

Comments
Post a Comment