कमलेश कुमारी ने टिक्करी घुरालां में किया स्वर्णिम वाटिका का शुभारंभ - Him View
कमलेश कुमारी ने टिक्करी घुरालां में किया स्वर्णिम वाटिका का शुभारंभ
Him View 31 July 2021
हमीरपुर 31 जुलाई। हिमाचल प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व के स्वर्ण जयंती वर्ष के उपलक्ष्य पर वन विभाग की स्वर्णिम वाटिका योजना के तहत शनिवार को भोरंज की विधायक एवं विधानसभा में उप मुख्य सचेतक कमलेश कुमारी ने टिक्करी घुरालां में स्वर्णिम वाटिका का शुभारंभ किया। शुभारंभ अवसर पर उन्होंने अशोक का पौधा भी लगाया।
इस अवसर पर कमलेश कुमारी ने कहा कि एक हैक्टेयर क्षेत्र में विकसित की गई स्वर्णिम वाटिका में लगभग 800 पौधे लगाए गए हंै। इसी क्षेत्र में पंचवटी वाटिका भी बनाई गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने पौधारोपण अभियान में आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्णय लिया है। इससे वन एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। भोरंज विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की चर्चा करते हुए कमलेश कुमारी ने बताया कि यहां 100 बिस्तर की क्षमता वाले अस्पताल भवन का कार्य जल्द पूरा किया जाएगा। इनमें 50 बिस्तरों को ऑक्सीजन सुविधा से भी जोड़ा जाएगा। विधायक ने कहा कि क्षेत्र की सडक़ों को बेहतरीन बनाया गया है तथा पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए करोड़ों रुपये की योजनाओं के कार्य युद्ध स्तर पर करवाए जा रहे हैं। उन्होंने क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों हेतु करोड़ों रुपये के प्रावधान के लिए प्रदेश और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष देशराज शर्मा, महामंत्री चमन ठाकुर, अशोक ठाकुर, अन्य पदाधिकारी, वन मंडल अधिकारी एलसी वंदना, वन रेंज अधिकारी रत्नी देवी, पंचायत प्रधान नीलम कुमारी और अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
-0-



Comments
Post a Comment