भोरंज के 90 गरीब परिवारों को मकान बनाने के लिए दी धनराशि : कमलेश कुमारी - Him View
भोरंज के 90 गरीब परिवारों को मकान बनाने के लिए दी धनराशि : कमलेश कुमारी
Him View
भोरंज 03 जुलाई। विधायक कमलेश कुमारी ने कहा है कि समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान एवं सशक्तिकरण के लिए प्रदेश और केंद्र सरकार द्वारा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के माध्यम से कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि भोरंज विधानसभा क्षेत्र में भी विभाग की लगभग 22 कल्याणकारी योजनाओं से पात्र लोग लाभान्वित हो रहे हैं।
शनिवार को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के बाद विधायक ने बताया कि तीन वर्षों के दौरान विभाग की गृह निर्माण अनुदान योजना के तहत भोरंज विस क्षेत्र के 90 परिवारों को मकान बनाने के लिए धनराशि प्रदान की गई है। अनुवर्ती कार्यक्रम के तहत 312 महिलाओं को सिलाई मशीनें दी गई हैं। इस समय क्षेत्र के 9016 पात्र लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन दी जा रही है। कमलेश कुमारी ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश की कमान संभालते ही 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों को सामाजिक पेंशन प्रदान करने के लिए आय सीमा समाप्त करके बहुत ही सराहनीय निर्णय लिया था। उनके इस निर्णय के कारण आज प्रदेश भर में हजारों लोग यह पेंशन पा रहे हैं। विधायक ने कहा कि अब प्रदेश सरकार ने 65 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को भी एक हजार रुपये मासिक पेंशन देने का निर्णय लिया है।
इस अवसर पर तहसील कल्याण अधिकारी बलदेव सिंह और विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
-0-
फोटो कैप्शन : सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करतीं विधायक कमलेश कुमारी।

Comments
Post a Comment