बरसात में आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए हमीरपुर जिला प्रशासन ने की तैयारी

 बरसात में आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने की तैयारी


#HimView

हमीरपुर 14 जून। मॉनसून सीजन के दौरान किसी भी तरह की आपात् परिस्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। उपायुक्त देबश्वेता बनिक ने बताया कि प्राकृतिक आपदा और अन्य आपात परिस्थितियों में बचाव एवं राहत कार्यों को त्वरित एवं प्रभावी ढंग से अंजाम देने के लिए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और संबंधित विभागों के आपसी समन्वय पर विशेष बल दिया जा रहा है। उपायुक्त ने बताया कि मॉनसून सीजन की तैयारियों के संबंध में पिछले हफ्ते हुई बैठक में सभी विभागों को अपने-अपने स्तर पर आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए गए हैं।

  लोक निर्माण विभाग और नेशनल हाईवे के अधिकारियों को जिला की मुख्य सडक़ों पर भूस्खलन की आशंका वाले स्थान चिह्नित करने तथा वहां पर्याप्त मशीनरी तैयार रखने के लिए कहा गया है। सडक़ों के किनारे बंद पड़ी नालियों और अवरुद्ध नालों की तुरंत सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निकाय क्षेत्रों में नालियों की सफाई का जिम्मा स्थानीय निकायों का रहेगा। जिला में खतरनाक पेड़ों को चिह्नित करके इन्हें तुरंत हटाने के लिए एसडीएम, वन विभाग, वन निगम और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। नादौन और सुजानपुर के एसडीएम को ब्यास नदी के साथ लगते बाढ़ की आशंका वाले क्षेत्रों पर नियमित नजर रखने तथा स्थानीय लोगों को अलर्ट करने के लिए कहा गया है।

  उपायुक्त ने कहा कि मॉनसून सीजन में पेयजल स्रोतों में मलबा आने तथा पानी के प्रदूषित होने की आशंका बनी रहती है। इसके मद्देनजर जलशक्ति विभाग पेयजल स्रोतों की सफाई सुनिश्चित करेगा तथा स्वास्थ्य विभाग की मदद से पानी की टैस्टिंग एवं क्लोरिनेशन सुनिश्चित करेगा। किसी भी तरह की आपात स्थिति में बचाव कार्य के लिए पुलिस, होमगार्ड और अग्रिशमन विभाग के अधिकारियों को बचाव दलों का गठन करने के निर्देश दिए गए हैं। बड़ी आपदा की स्थिति में सेना और अद्र्धसैनिक बलों से संबंधित क्षेत्रीय अनुक्रिया केंद्रों से भी संपर्क किया जा सकता है।

  देबश्वेता बनिक ने बताया कि जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक को सभी आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुचारू बनाए रखने तथा आपात स्थिति के लिए विशेष प्रबंध करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग जिला के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में जल जनित रोगों से संंबंधित दवाईयों और सर्पदंश के इलाज की दवाई का पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित करेगा। उपायुक्त ने कहा कि सभी संबंधित विभाग बरसात से हुए नुक्सान की त्वरित एवं सही रिपोर्टिंग राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के वेब पोर्टल पर करेंगे। उन्होंने बताया कि जिला आपातकालीन संचालन केंद्र हमेशा की तरह 24 घंटे क्रियाशील रहेगा तथा इसके टॉल फ्री नंबर 1077 पर किसी भी तरह की आपदा की सूचना दी जा सकती है।

-0-

Comments

Popular posts from this blog

भोरंज के भ्याड़ गांव में उत्सव का माहौल: राहुल रावल बने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट

भोरंज के सौरभ सौरभ ठाकुर ने HAS परीक्षा में चौथा रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम किया रोशन

भोरंज भाजपा में उभर रहा नया युवा चेहरा, पुराने दावेदारों की बढ़ सकती है चिंता